हरिद्वार, 5 अगस्त।
श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा ओम पुल के समीप कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन विभाग के अधिशासी अभियंता श्री विकास त्यागी ने विधिवत किया।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता श्री विकास त्यागी ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है और लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग प्रत्येक वर्ष प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सेवा शिविर संचालित करता है।

ओम पुल क्षेत्र कांवड़ यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होने के कारण यहां लगाए गए इस शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध एवं स्वच्छ भोजन, जलपान, पीने का स्वच्छ पानी, ORS, प्राथमिक उपचार, विश्राम की व्यवस्था तथा मोबाइल चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिविर में आने वाले कांवड़ियों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं का लाभ उठाया।

शिविर के संचालन में उत्तराखंड गंग नहर, रुड़की की टीम भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं को पूरे सम्मान और समर्पण के साथ सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर सहायक अभियंता भारत भूषण, अवर अभियंता के.के. सैनी, हरीश, अतुल कुमार, पंकज पाल, कुमार मित्तल, विनीत कुमार, देवेंद्र कुमार तथा समाजसेवी राजीव त्यागी सहित विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दिनभर बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने शिविर पहुंचकर भोजन, जलपान एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया। श्रद्धालुओं ने विभाग द्वारा की गई स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सेवा-भाव से प्रेरित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे कांवड़ यात्रा के दौरान एक महत्वपूर्ण जनसेवा पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!