हरिद्वार, 7 मई ।
हरिद्वार के रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम रावली महदूद में आज कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय रावली महदूद-1 के भवन के सौंदर्यीकरण एवं नव निर्मित शौचालय ब्लॉक का लोकार्पण किया। इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यकर्म की शुरुआत की। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि – बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से बच्चों को पढ़ाई के साथ स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिलेगा। उन्होंने आईटीसी मिशन सुनहरा कल द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में हुए सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा नव निर्मित शौचालय ब्लॉक का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं ग्रामीणों ने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री और आईटीसी मिशन सुनहरा कल का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विधालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।