हरिद्वार : आज सोमवार दिनांक 6 अप्रैल कोतवाली रानीपुर परिसर में पुलिस द्वारा बड़ा खुलासा किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि – रानीपुर पुलिस के द्वारा अंतर्राज्यीय वाहन चोरी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विपिन, नितिन, गौरव पुत्र मांगेराम और गौरव पुत्र सुरेश शामिल हैं। सभी आरोपी 20 से 22 वर्ष के हैं और अलग-अलग जगहों – लक्सर, मंगलौर व उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। ये बाइक अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई थीं, जिन्हें पूछताछ के बाद बरामद किया गया। बरामद वाहनों में से 3 बाइक रानीपुर थाना क्षेत्र और 1 बाइक पथरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा फरीदाबाद में भी मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज पाया गया है।

पुलिस अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर मालिकों की पहचान और संबंधित एफआईआर की जानकारी जुटा रही है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को औने-पौने दामों में बेच देते थे। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि उन्होंने एक कांवड़ यात्री को भी मोटरसाइकिल बेची थी।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है, साथ ही यह भी सामने आया है कि इनके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल कस्टडी) में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन , कोतवाली रानीपुर प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप कुमार धीमान,अपर उप निरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल संजय बलूनी, अर्जुन रावत, वीर सिंह और अजय सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!