प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार, प्लॉट वापस दिलाने की मांग

हरिद्वार (द्विपुरम कॉलोनी, लक्सर मार्ग ) ।
हरिद्वार, जमीन मालिक और कॉलोनाइजर के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा अब उन लोगों को भुगतना पड़ रहा है जिन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर प्लॉट खरीदे थे। परेशान प्लॉट स्वामियों ने गुरूवार प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग उठाई।

द्विपुरम कॉलोनी, लक्सर मार्ग निवासी शैलेश शर्मा, मनोज चौधरी, तरुण शर्मा, जसवीर सिंह, मनोज कुमार, मोहनलाल, मोहित कुमार, शिव प्रकाश, नीलम चौधरी और पुनीत शर्मा समेत अन्य लोगों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने मकान निर्माण के उद्देश्य से प्लॉट खरीदे थे। सभी रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई थी।

पीड़ितों का आरोप है कि जमीन बेचने वाले और कॉलोनी विकसित करने वाले लोगों के बीच रास्ते को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। करीब 25 से 30 परिवारों ने यहां प्लॉट खरीदे थे, लेकिन विवाद के चलते उनके मकान बनाने के सपने अधर में लटक गए हैं।

प्रेसवार्ता में लोगों ने कहा कि वे मानसिक और आर्थिक रूप से बेहद परेशान हैं। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। प्लॉट स्वामियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और उनका पैसा या प्लॉट वापस दिलाने की मांग की है।

पीड़ितों का कहना है कि कटारपुर स्थित महिंद्रा एजेंसी के पास की गई प्लाटिंग में हुए इस विवाद ने खरीदारों को संकट में डाल दिया है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं है। उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द समाधान निकालकर न्याय दिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!