हरिद्वार, 12 जुलाई।
भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस के अवसर पर हरिद्वार में आयोजित भव्य समारोह में सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण की भावना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान कर परिषद ने समाज में सकारात्मक योगदान देने वालों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रमाकांत पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी सभ्य और सशक्त समाज की नींव संस्कारों पर टिकी होती है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण नई पीढ़ी में संस्कारों का ह्रास देखने को मिल रहा है। परिवारों में आपसी सम्मान और साथ रहने की भावना भी कमजोर पड़ती जा रही है। ऐसे समय में भारत विकास परिषद समाज में नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
परिषद के राष्ट्रीय सह-संयोजक (प्रकाशन) डॉ. तरुण शर्मा ने बताया कि परिषद आज अपना 64वां स्थापना वर्ष मना रही है और देशभर में बड़ी संख्या में समाजसेवा के प्रति समर्पित लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की सभी शाखाएं सेवा, संस्कार और संगठन के उद्देश्यों को लेकर लगातार सक्रिय हैं तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सकारात्मक कार्य कर रही हैं।
एनसीआर-1 के क्षेत्रीय अध्यक्ष सीए प्रवीण गर्ग ने परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 63 वर्ष पहले समाज सेवा और संस्कारों के संरक्षण का जो बीड़ा उठाया था, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में परिषद देशभर में 10 क्षेत्रों, 80 प्रांतों, 2000 से अधिक शाखाओं और 85 हजार से अधिक सक्रिय सदस्यों एवं स्वयंसेवकों के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल ने बताया कि जनपद में परिषद की दो नई शाखाओं का गठन किया गया है। साथ ही उनके प्रांत में अब तक 31 विकास मित्र तैयार किए जा चुके हैं, जो विभिन्न सामाजिक और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
परिषद के क्षेत्रीय संयोजक डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने बताया कि दिवंगत माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, ताकि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर दूसरों को भी प्रेरित किया जा सके।
समारोह के दौरान एम्स ऋषिकेश के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन गुप्ता, सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. चिंतामणि, गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज, देहरादून के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तनुज भाटिया, वरिष्ठ समाजसेवी शेखर महाजन तथा प्रशांत अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित हस्तियों ने परिषद का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में अपने प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
समारोह की अध्यक्षता उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने किया। देहरादून कैंट की विधायक सविता कपूर ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सेवा और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का मनोबल बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय दायित्वधारी जगदीश पालीवाल, निशा अग्रवाल, डॉ. संगीता सिंह, प्रीति अग्रवाल, मीनाक्षी शर्मा, शोभा सिंह, रश्मि चौहान, कुशल पाल सिंह चौहान, ललित पांडे, डॉ. राजीव गोयल, एल.एम. शर्मा, पुष्पराज चौहान, रजनीश सैनी, कल्पना सैनी, निधि सहित बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण, सेवा और संस्कारों को समाज में और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।