उत्तराखंड के नैनीताल जिले के खूपी गांव में आज 27 मार्च शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होकर पलटने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 स्वास्थ्य सेवा की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7 बजे हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स ऑनर्स यूनियन (के.एम.ओ.यू.) की बस संख्या UK04 PA1112 जैसे ही गेठिया पार कर खूपी गांव के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे।
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में एक करीब 30 वर्षीय युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि मौके से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। प्राथमिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने और एक्सीलेटर फंसने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण बस की रफ्तार अनियंत्रित हो गई।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। बीती 21 मार्च को उन्नाव से जागेश्वर धाम जा रही श्रद्धालुओं की एक गाड़ी भी इसी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!