11 घायलों की काल्पनिक स्थिति बनाकर परखी गई राहत एवं बचाव व्यवस्था, GRP, RPF, SDRF, BSF और स्वास्थ्य विभाग सहित कई एजेंसियां रहीं मुस्तैद

हरिद्वार,28 नवंबर ।
आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 28 नवंबर 2026 को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर संभावित भगदड़ की स्थिति से निपटने के लिए जीआरपी उत्तराखंड की ओर से बहु-एजेंसी मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता, राहत एवं बचाव कार्यों और आपसी समन्वय की क्षमता को परखा गया।

मॉकड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन पर भगदड़ होने की काल्पनिक सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी ने तत्काल उच्चाधिकारियों एवं आपदा नियंत्रण कक्ष हरिद्वार को सूचना दी। सूचना मिलते ही होमगार्ड, फायर सर्विस, राजस्व विभाग, आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय पुलिस, बीएसएफ, आरपीएफ, एसडीआरएफ और जीआरपी की टीमें आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचीं।

11 घायलों की स्थिति दर्शाकर किया गया रेस्क्यू का अभ्यास
अभ्यास के दौरान भगदड़ में कुल 11 यात्रियों के घायल होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इनमें 3 को गंभीर और 8 को सामान्य रूप से घायल दर्शाया गया। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर करने तथा अन्य 8 घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मेला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने, घायलों को सुरक्षित निकालने और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया।

मॉकड्रिल के बाद कमियों की हुई समीक्षा
अभ्यास समाप्त होने के बाद सामने आई कमियों और व्यवस्थागत चुनौतियों की समीक्षा की गई।

उच्चाधिकारियों ने रेलवे विभाग, जीआरपी एवं आरपीएफ के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उद्देश्य स्पष्ट है कि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की भारी भीड़ के बीच किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।

मौके पर ये अधिकारी रहे मौजूद

  1. श्री गौतम कुमार, जिला होमगार्ड कमाण्डेन्ट, हरिद्वार।
  2. श्री अनुज, पुलिस उपाधीक्षक रेलवेज, उत्तराखंड।
  3. श्री मदन लाल, नायब तहसीलदार, हरिद्वार।
  4. सुश्री अनिता गैरोला, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस लाइन जीआरपी हरिद्वार।
  5. श्री कमल सिंह कोरंगा, निरीक्षक, पुलिस कार्यालय जीआरपी हरिद्वार।
  6. श्रीमती प्रीति कर्णवाल, थाना प्रभारी, जीआरपी हरिद्वार।
  7. श्री धर्मेन्द्र सिंह, एसडीआरएफ, हरिद्वार।

कुंभ-2027 में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिहाज से रेलवे स्टेशन पर इस तरह के संयुक्त अभ्यास को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सभी संबंधित एजेंसियों को एक साथ त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखना है।**

MH7 NEWS | हर खबर पर नजर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!