हरिद्वार, 26 नवंबर।
नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रुड़की रोड से गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फोटो-वीडियो के जरिए पीड़िता को कर रहा था ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को जगजीतपुर, कनखल निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की थी कि नवदीप नाम का युवक उनकी नाबालिग बेटी को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर परेशान कर रहा है। आरोपी पीड़िता के रिश्तेदारों को भी फोटो-वीडियो भेज रहा था। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने चलाया गिरफ्तारी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 437/26 के तहत धारा 64(2)(m) बीएनएस एवं धारा 5(ठ)/6 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। नाबालिग से संबंधित गंभीर अपराध को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कनखल पुलिस की लगातार घेराबंदी और प्रयासों के बाद उसे रुड़की रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम-पता
नवदीप सैनी पुत्र प्रवीण सैनी, निवासी रोहालकी, थाना कोतवाली बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- अ0उ0नि0 ललित मोहन अधिकारी
- म0उ0नि0 सीमा आर्य
- हे0का0 जसबीर सिंह
- म0का0 पूनम
कनखल पुलिस की इस कार्रवाई को नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।