हरिद्वार,26 नवंबर ।
जनपद हरिद्वार में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक स्तर के कुल 92 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और कोतवालियों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

इस बड़े बदलाव में कई प्रमुख थाना प्रभारियों को इधर से उधर किया गया है। जारी सूची के अनुसार चन्द्रभान सिंह को कोतवाली नगर, अमरजीत सिंह को ज्वालापुर, केसी भट्ट को खानपुर, नन्द किशोर भट्ट को रुड़की, राजेन्द्र खोलिया को कलियर, विनोद गुसाईं को पथरी, मनोज मैनवाल को मंगलौर, भगवान महर को श्यामपुर, राकेश शाह को रानीपुर और अनिरुद्ध मैठाणी को सिडकुल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, संजय मिश्रा को खानपुर, कुन्दन राम आर्य को झबरेड़ा और प्रदीप रावत को बहादराबाद में नई जिम्मेदारी दी गई है।

सिर्फ थाना प्रभारियों तक ही यह फेरबदल सीमित नहीं रहा, बल्कि उपनिरीक्षक स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। कोतवाली नगर, ज्वालापुर, कनखल, रानीपुर, सिडकुल, गंगनहर, रुड़की, मंगलौर, लक्सर, पथरी, भगवानपुर, खानपुर, झबरेड़ा, कलियर और बहादराबाद सहित विभिन्न थानों, चौकियों एवं पुलिस शाखाओं में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

पुलिस महकमे में इस बड़े फेरबदल को कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के सामने अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, अपराधियों पर शिकंजा कसने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने की चुनौती होगी।
MH7NEWS अब देखना होगा कि नए थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किस तरह करते हैं और इस प्रशासनिक फेरबदल का हरिद्वार की कानून-व्यवस्था पर कितना असर पड़ता है।