हरिद्वार/पिरान कलियर,25 नवंबर |
पिरान कलियर विधानसभा में आगामी चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। विकास कार्यों की बदहाली, अधूरी सरकारी योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर एक संभावित दावेदार ने मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधियों पर सवाल खड़े करते हुए तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों जरूरी विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। हालात ऐसे हैं कि अब विकास की शुरुआत जीरो से करनी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता से वादा किया गया है कि एक साल के भीतर क्षेत्र के सभी जरूरी विकास कार्यों पर काम शुरू कराया जाएगा।

दरगाह शरीफ का सौंदर्यीकरण और नहर बनेगी पर्यटन का केंद्र
दावेदार ने कहा कि पिरान कलियर की विश्व प्रसिद्ध दरगाह शरीफ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोगों की आस्था का केंद्र है। इसलिए सबसे पहले दरगाह शरीफ के सौंदर्यीकरण, आसपास की नहर की सफाई और उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकेंगे।

दुकानदारों को मालिकाना हक और मस्जिदों की समस्याओं का समाधान
उन्होंने कहा कि वर्षों से कारोबार कर रहे दुकानदार आज भी अतिक्रमण की कार्रवाई के डर में जी रहे हैं। ऐसे दुकानदारों को नियमित कराकर उन्हें मालिकाना हक दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं मस्जिदों में जलभराव और छतों से पानी टपकने जैसी समस्याओं को भी प्राथमिकता से दूर करने का आश्वासन दिया।

दलित समाज के श्मशान घाटों तक बनेगी पक्की सड़क
उन्होंने अनुसूचित जाति समाज की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आज भी कई जगह श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए पक्की सड़कें नहीं हैं। बरसात में रास्तों की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि चार लोग मिलकर अर्थी तक नहीं ले जा सकते। उन्होंने श्मशान घाटों, पार्कों और मंदिरों सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास का भरोसा दिलाया।

आवास योजना की अधूरी किस्तों और नगर पंचायत के बजट पर सवाल
दावेदार ने प्रधानमंत्री आवास योजना की अधूरी किस्तों के कारण रुके मकानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई लाभार्थियों को एक या दो किस्त मिलने के बाद आगे की सहायता नहीं मिली है। वहीं नगर पंचायत पिरान कलियर के बजट के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति हो रही है।

कुम्हार समाज के सामने मिट्टी की उपलब्धता का संकट और अन्य समाजों की रोजगार संबंधी समस्याओं को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

तीन बार मौका मिला, फिर भी विकास क्यों नहीं हुआ?
राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने सवाल किया कि जो जनप्रतिनिधि तीन बार मौका मिलने के बावजूद क्षेत्र को अपेक्षित विकास नहीं दे पाए, वे चौथी बार क्या नया कर पाएंगे? उन्होंने कहा कि पिरान कलियर की जनता अब केवल राजनीतिक समीकरणों और भाजपा-कांग्रेस की लड़ाई में उलझना नहीं चाहती, बल्कि अपने क्षेत्र का विकास और अपने अधिकारों का हिसाब चाहती है।

उन्होंने कहा कि अब कलियर की आवाम अपना वजूद मजबूत करना चाहती है और इस बार जो भी जनता से वोट मांगेगा, उसे विकास के मुद्दे पर जवाब देना होगा।

अब सबसे बड़ा सवाल: क्या पिरान कलियर की जनता इस बार पुराने राजनीतिक समीकरणों से बाहर निकलकर विकास के मुद्दे पर फैसला करेगी? क्या एक साल में सैकड़ों विकास कार्य शुरू कराने का वादा चुनावी दावे से आगे बढ़कर धरातल पर उतर पाएगा?

MH7 NEWS | जनता की आवाज, जनता के सवाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!