चमोली,18 नवंबर ।
उत्तराखंड के पर्वतीय जनपद चमोली में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटकों से धरती हिल उठी। महज 31 मिनट के अंतराल में आए दो भूकंपों ने क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी। हालांकि राहत की बात यह है कि भूकंप के कारण जिले में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताई है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप सुबह 10 बजकर 21 मिनट 11 सेकेंड पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे और जोशीमठ से 19 किलोमीटर दक्षिण दिशा में स्थित था।
इसके ठीक 31 मिनट बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट 48 सेकेंड पर दूसरा भूकंप आया। इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई, जबकि इसकी गहराई जमीन से महज 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। दूसरे भूकंप का केंद्र जोशीमठ से 24 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम दिशा में बताया गया है।
प्रशासन ने की स्थिति सामान्य होने की पुष्टि
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर के मुताबिक, पहले भूकंप का केंद्र ज्योतिर्मठ क्षेत्र में था। उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पहले भी महसूस किए गए थे भूकंप के झटके
गौरतलब है कि इससे पहले 13 नवंबर को बागेश्वर जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान रात करीब 12 बजकर 27 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई थी। इसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले में बताया गया था।
लगातार भूकंपीय गतिविधियों के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता और आपदा प्रबंधन की तैयारियां बेहद महत्वपूर्ण हो गई हैं। फिलहाल चमोली में स्थिति सामान्य है और किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।