स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को मिलेगी नई रफ्तार, CSR के तहत बैंक ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
हरिद्वार, 6 नवंबर 2026।
धनतेरस के पावन अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के अभियान को मजबूती प्रदान की है। बैंक की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत गंगा सभा और शांतिकुंज गायत्री परिवार को स्वच्छता कार्यों में सहयोग देने के लिए दो वाहन भेंट किए गए।

पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख श्री अनुपम जी ने विधिवत रूप से दोनों वाहनों को संबंधित संस्थाओं को समर्पित किया। इस पहल का उद्देश्य हरिद्वार में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के प्रयासों को गति देना है।
कार्यक्रम में बैंक के अंचल प्रमुख श्री अनुपम जी, उप अंचल प्रमुख श्री अभिजित सिन्हा, हरिद्वार मंडल प्रमुख श्री रंजन प्रकाश, उप मंडल प्रमुख श्री अविनाश, सहायक महाप्रबंधक श्री अंकुर, एलडीएम हरिद्वार श्री दिनेश गुप्ता, मुख्य प्रबंधक श्री अतुल मोहन गुप्ता, मुख्य प्रबंधक श्री गोपाल एवं शांतिकुंज शाखा प्रबंधक श्रीमती आरती वर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, गंगा सभा की ओर से अध्यक्ष श्री नितिन गौतम एवं स्वागत मंत्री श्री सिद्धार्थ चक्रपाणि ने सहभागिता की। शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से ट्रस्टी श्रीमती शेफाली पांडया, व्यवस्थापक श्री योगेंद्र गिरि एवं श्री जगदीश लाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। स्वच्छता अभियान के लिए उपलब्ध कराए गए ये वाहन हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के प्रयासों में उपयोगी साबित होंगे।
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाले हरिद्वार में स्वच्छता का विशेष महत्व है। ऐसे में धनतेरस के अवसर पर बैंक की यह पहल सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों को सहयोग देने के साथ ही स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने पंजाब नेशनल बैंक की इस पहल की सराहना की।