महाराष्ट्र | 04 नवंबर 2026
दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितताओं के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा अभियान चलाते हुए हड़कंप मचा दिया है। प्रदेशभर में की गई इस कार्रवाई के तहत 114 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 3 लाख 53 हजार किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा पतंजलि गाय के घी की जब्ती को लेकर हो रही है। FDA के मुताबिक, करीब 2,279 किलोग्राम पतंजलि गाय का घी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। छत्रपति संभाजीनगर में एक बड़े वितरक के यहां कथित गलत ब्रांडिंग और मिलावट के आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई का दायरा केवल घी तक सीमित नहीं रहा। भिवंडी में करीब 1.44 लाख किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया, जबकि ठाणे में मिलावटी दालों और अनाज के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
वहीं, मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर में खाद्य कारोबार से जुड़े 19 स्टोरों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं। FDA की इस व्यापक कार्रवाई में अब तक 13 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर सवाल खड़े करने वाली यह कार्रवाई मिलावटखोरों के लिए बड़ा संदेश है। अब देखना होगा कि जांच में और किन कारोबारियों के नाम सामने आते हैं और खाद्य सुरक्षा विभाग आगे क्या कदम उठाता है।
MH7 NEWS | जनहित में खबर