चोरी के मोबाइल के साथ जीआरपी रुड़की ने आरोपी को दबोचा, पूछताछ में एक और मोबाइल चोरी करने की बात कबूली

रुड़की, 27 अगस्त 2026।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को जीआरपी रुड़की ने चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रेलवे स्टेशन पर एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को निजाम पुत्र सफी अहमद, निवासी बिजारखाता, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन की जानकारी लेने के दौरान प्लेटफार्म नंबर-1 स्थित पूछताछ केंद्र के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर चौकी जीआरपी रुड़की में सम्बंधित धारा के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवेज सुश्री अरुणा भारती के आदेश तथा पुलिस उपाधीक्षक श्री अनुज कुमार के दिशा-निर्देशन में चोरी गए मोबाइल की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त 2026 को रेलवे स्टेशन रुड़की परिसर से आरोपी आजाद पुत्र शहजादा, उम्र करीब 20 वर्ष, वर्तमान निवासी कल्लू कॉलोनी, पाडली गुर्जर, थाना गंगनहर, रुड़की, हरिद्वार तथा मूल निवासी कोयला बस्ती, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मोबाइल भी उसने रेलवे स्टेशन पर पूछताछ केंद्र के पास से किसी व्यक्ति का चोरी किया था। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

  1. उ0नि0 सुशील कुमार तिवारी — प्रभारी चौकी जीआरपी रुड़की
  2. हे0का0 32 अनिरुद्ध
  3. का0 10 आशीष कुमार
  4. का0 14 परविंदर कुमार

जीआरपी की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!