हरिद्वार, 22 अगस्त 2026।
वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में 20 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों की 22 टीमों के करीब 1260 महिला-पुरुष एवं बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन तक हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा।

प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के वजन, मेडिकल परीक्षण और पंजीकरण की प्रक्रिया तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में पूरी कराई गई। इसके बाद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पंजाब सरकार में संयुक्त सचिव (यूथ) एवं पंजाब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव योगेश सैली, ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन दिनेश कपूर, महासचिव ब्रजनन्दन शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा तथा नॉर्थ इंडिया ग्रेपलिंग कमेटी के अध्यक्ष शुभम निर्वाल ने खिलाड़ियों से मैट पर हाथ मिलाकर किया।

प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने विभिन्न भारवर्गों और आयु वर्गों में शानदार तकनीक, ताकत और खेल भावना का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन दोपहर एक बजे तक तकनीकी अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा 22 स्वर्ण, 32 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 65 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं राजस्थान और गुजरात के खिलाड़ी दूसरे व तीसरे स्थान के लिए लगातार जोर आजमाइश कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों में 77 किलोग्राम पुरुष सीनियर वर्ग में हरियाणा के पवन ने स्वर्ण पदक हासिल किया। गुजरात के खान आदिल को रजत और गुजरात के ही लोकेश को कांस्य पदक मिला।

इसी प्रकार महिला 58 किलोग्राम NOGI स्पर्धा में हरियाणा की वर्षा ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। राजस्थान की हेमा कुमारी ने रजत तथा उत्तर प्रदेश की नम्रता यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुष जूनियर 98 किलोग्राम भारवर्ग में भी हरियाणा के खिलाड़ी का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। हरियाणा के देव कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुष्कर शालुंके ने रजत और रुद्र बारोट ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने ग्रेपलिंग खेल के प्रति बढ़ते उत्साह को भी दर्शाया। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में पदक तालिका में और बदलाव होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रेपलिंग खेल को देश के विभिन्न हिस्सों में और अधिक लोकप्रिय बनाना है। प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी अधिकारियों की टीम द्वारा मुकाबलों की निगरानी की जा रही है।

मेडल सेरेमनी के अवसर पर ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन दिनेश कपूर, महासचिव ब्रजनन्दन शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा सहित विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष एवं महासचिव मौजूद रहे। पदक विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों और पदाधिकारियों ने सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के शेष मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। अब सभी की नजरें आगामी मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां हरियाणा के खिलाड़ी अपनी बढ़त बरकरार रखने के लिए उतरेंगे, वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ी पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!