पुलिस अधीक्षक रेलवे सुश्री अरुणा भारती सहित महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक लिया आयोजन में हिस्सा

हरियाली तीज की परंपराओं के साथ मेहंदी, ड्राइंग, झूला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां — म0उ0नि0 प्रवीणा सिद्दौला बनीं ‘मिस तीज’

हरिद्वार,16 अगस्त 2026।
जीआरपी पुलिस लाइन परिसर में हरियाली तीज के पावन पर्व को हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेलवे उत्तराखंड सुश्री अरुणा भारती सहित महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य पुलिस परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, अपनत्व एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखना रहा।

हरियाली तीज के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में विशेष रूप से आकर्षक आयोजन किया गया। महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में भाग लिया। परिसर में तीज के पारंपरिक गीतों, झूले, मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव के माहौल को और भी जीवंत बना दिया। महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता, ‘मिस तीज’ एवं ‘मिस ड्रेस’ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विशेष रूप से ‘मिस तीज’ प्रतियोगिता में म0उ0नि0 प्रवीणा सिद्दौला को विजेता घोषित किया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे सुश्री अरुणा भारती द्वारा उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

आयोजन में पुलिस परिवारों की गरिमामयी सहभागिता भी देखने को मिली। श्रीमती प्रज्ञा दीक्षित, पत्नी जिलाधिकारी हरिद्वार, श्रीमती सुदेश कौर, माताजी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, श्रीमती निकिता अग्रवाल, पत्नी आयुष अग्रवाल (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ) तथा श्रीमती एकता जोशी, पुलिस अधीक्षक 40वीं वाहिनी हरिद्वार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेलवे उत्तराखंड सुश्री अरुणा भारती ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तीज जैसे पर्व महिलाओं के उत्साह, परंपरा और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्यशैली के बीच इस प्रकार के आयोजन पुलिस परिवारों को एक-दूसरे के करीब आने, आपसी संवाद बढ़ाने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने आयोजन में प्रतिभाग करने वाली सभी महिला पुलिसकर्मियों एवं पुलिस परिवारों की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सकारात्मक ऊर्जा और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवारों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक तीज गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच महिलाओं ने जमकर उत्सव का आनंद लिया। पूरे पुलिस लाइन परिसर में उल्लास और सौहार्द का वातावरण बना रहा। आयोजन के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और पर्व की खुशियां साझा कीं।

जीआरपी पुलिस लाइन में आयोजित यह हरियाली तीज समारोह पुलिस परिवारों की एकजुटता, महिला सहभागिता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!