उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के झटकों से कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग…
उत्तरकाशी, 10 अगस्त।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में देर रात एक बार फिर भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर आए भूकंप के झटकों से कई लोगों की नींद अचानक खुल गई। घबराए लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक स्थिति पर नजर बनाए रहे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से करीब 22 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में, जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप के कारण फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
24 मिनट बाद फिर महसूस हुआ झटका
पहले झटके के करीब 24 मिनट बाद रात 1 बजकर 45 मिनट पर एक और भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 2.2 बताई गई। इसके बाद रात करीब 2 बजकर 19 मिनट पर टिहरी गढ़वाल में भी 2.0 तीव्रता का भूकंप रिकॉर्ड किया गया।
लगातार महसूस किए गए इन झटकों के बाद लोगों में डर का माहौल बना रहा। कई लोग घरों के बाहर निकलकर एक-दूसरे से भूकंप की जानकारी लेते नजर आए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है उत्तरकाशी
उत्तरकाशी हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में शामिल है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार आने वाले छोटे-बड़े भूकंपीय झटके स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बने रहते हैं।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और भूकंप की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की जाती है।