हरिद्वार, 02 अगस्त।
पवित्र श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से हरिद्वार पहुंचने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा एवं सहायता के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) हरिद्वार, Students For Seva (SFS) एवं जिज्ञासा के संयुक्त तत्वावधान में ‘ShivServe 2026’ के अंतर्गत 10 दिवसीय कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। सेवा शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार यह शिविर केवल कांवड़ यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का एक अभिनव प्रयास भी है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को 10 दिवसीय सेवा इंटर्नशिप कराई जा रही है, जिसमें उन्हें सेवा कार्यों के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, जनसंपर्क, अनुशासन और सामाजिक दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।


सेवा शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल, अल्पाहार, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्यों में जुटकर यात्रियों की सहायता कर रहे हैं, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष श्री नितिन गौतम एवं अभाविप उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री श्री अंकित सुन्द्रियाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने सेवा शिविर का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर श्री नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार सेवा, श्रद्धा और सनातन संस्कृति की पावन भूमि है। कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों द्वारा निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा करना भारतीय संस्कृति के सेवा भाव की सशक्त मिसाल है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा शिविर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय संवेदनाओं और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।
वहीं अभाविप उत्तराखंड के प्रांत संगठन मंत्री श्री अंकित सुन्द्रियाल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को लेकर कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि ‘ShivServe 2026’ केवल एक सेवा शिविर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है, जहां उन्हें समाज के बीच रहकर सेवा करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, अनुशासन का पालन करने और संगठनात्मक कौशल सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज के बीच उतरकर सेवा का जो संस्कार विद्यार्थी सीखते हैं, वही आगे चलकर उन्हें राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रमुख राहुल सिंह, जिला संगठन मंत्री अमन सिंह तोमर, जिला संयोजक सूर्य प्रताप राणा, अभिषेक, अनंत पाठक, प्रिंस शुक्ला, गर्व चौहान, मेघा शर्मा, मानसी, ईशा, रुद्राक्षी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने आगामी दस दिनों तक पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ शिवभक्तों की सेवा करने का संकल्प लिया।
कांवड़ यात्रा के दौरान संचालित यह सेवा शिविर न केवल यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रहित की भावना को भी नई दिशा प्रदान करेगा।