गुरुकुल कांगड़ी में युवा संवाद कार्यक्रम, स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती को बताया युवाओं के भविष्य का आधार !!
हरिद्वार, 01 अगस्त।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित “युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम” में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि भारत के युवाओं के चेहरे पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और उत्तराखंड सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा नवाचार के क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय जीवन मूल्यों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है, जो समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही युवा शक्ति देश को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि “जॉब क्रिएटर” बनकर स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को नई दिशा और नए अवसर प्रदान किए हैं।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति तथा नई फिल्म नीति जैसी अनेक योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में विकास और रोजगार के बेहतर अवसरों के कारण 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही, नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य की विकास यात्रा का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। इसके लिए प्रदेश में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा 34 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हैं।
कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने स्वरोजगार और स्टार्टअप से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा कैंप आयोजित कर युवाओं की ऋण संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी युवा केवल औपचारिकताओं के कारण अपने व्यवसाय या स्टार्टअप की शुरुआत से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विनय यादव ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, नितिन गौतम, देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।।