रुड़की, 21 जुलाई।
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम रुड़की के सभागार में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्सर क्षेत्र को छोड़कर देहात क्षेत्र के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ), थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स उपस्थित रहे।



बैठक के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने में पुलिस के साथ-साथ एसपीओ की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रहती है।
उन्होंने एसपीओ से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, कांवड़ियों को निर्धारित कांवड़ पटरी से सुरक्षित गुजरने के लिए प्रेरित करने, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस को देने में सक्रिय सहयोग करें।
बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी एसपीओ को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया और बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी पुलिस और एसपीओ के समन्वय से यात्रा को सफल और व्यवस्थित बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने एसपीओ से स्थानीय स्तर पर लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने सभी स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स से पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस, प्रशासन और एसपीओ के संयुक्त प्रयासों से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाया जाएगा।