हरिद्वार, 7 जुलाई।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को तेज़ी देते हुए मेला प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक पैदल मार्ग विकसित करने में जुट गया है। सोमवार, 6 जुलाई को मेला अधिकारी सोनिका ने मनसा देवी, चंडी देवी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाने वाले निर्माणाधीन पैदल मार्गों एवं फुटपाथों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्ग, सीढ़ियों और निर्माणाधीन फुटपाथों का जायजा लिया। जहां मरम्मत और सुधार की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया गया।



मेलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कुम्भ-2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षित और व्यवस्थित पैदल आवागमन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे सभी कार्य आगामी कांवड़ यात्रा से पहले पूरे किए जाएं, जबकि जिन स्थानों पर अभी कार्य संभव नहीं है, वहां कांवड़ मेला समाप्त होते ही निर्माण शुरू किया जाए।
इसके बाद उन्होंने अपर रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर गलियों के सुधार, फुटपाथ निर्माण, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कुम्भ-2027 के लिए चंडी देवी, मनसा देवी, हर की पैड़ी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पैदल मार्गों, फुटपाथों और पहुंच मार्गों पर करीब 32 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं भीड़ प्रबंधन और हरिद्वार के आधारभूत ढांचे को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।