हरिद्वार, 5 जुलाई।
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया, बयान दर्ज किए और आरोपी की तलाश के बाद उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को एक युवती ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अमित कश्यप नामक युवक ने उससे शादी का वादा कर कई बार दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज भी की।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा उचित धाराओं के तहत पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसका मेडिकल परीक्षण कराया।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन, प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास किए। इसी क्रम में 4 जुलाई 2026 को नामजद आरोपी अमित कश्यप को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आज रविवार दिनांक 5 जुलाई को आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कश्यप (31 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नाथीराम, निवासी मकान संख्या-624, आवास विकास मॉडल कॉलोनी, रानीपुर मोड़, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक संदीपा भण्डारी तथा कांस्टेबल अमन तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!