हरिद्वार, 25 जून
हरिद्वार के थाना सिडकुल क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फरार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों पर ₹2500-₹2500 का इनाम घोषित था और वे घटना के बाद लगातार फरार चल रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को सचिन पुत्र सुबीर निवासी पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी ओम शांतिधाम कॉलोनी,हेतमपुर,सिडकुल ) ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमला किया। मामले में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार की जा रही तलाश, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर सिडकुल पुलिस ने 24 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल (उम्र 20 वर्ष) पुत्र स्व. रविंदर उर्फ पप्पू, निवासी हेतमपुर, थाना सिडकुल, तथा सूरज उर्फ गोलू (उम्र 19 वर्ष) पुत्र प्रवीण, निवासी ग्राम हेतमपुर, थाना सिडकुल के रूप में हुई।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल तीन आरोपीयो को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था, परन्तु अन्य दो मुख्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी, जिन्हे आज गिरफ्तार कर लिया गया है , साथ ही पुलिस ने कहा की आरोपियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय से कुर्की की कार्रवाई भी कराई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

कार्रवाई करने वाली सिडकुल पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल संजय सिंह एवं हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक मुख्य रूप से शामिल रहे।

सिडकुल पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!