हरिद्वार, 24 जून
तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा हर की पौड़ी क्षेत्र के शिव घाट, सुभाष घाट, मालवीय घाट और विष्णु घाट सहित विभिन्न घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी की।

स्वच्छता अभियान में आपदा प्रबंधन विभाग, भारतीय स्काउट एवं गाइड, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, गंगा सभा तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने घाटों की सफाई की। इस दौरान नगर निगम की टीम ने घाट क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार सफाई अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकें तथा नगर निगम द्वारा स्थापित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें, ताकि मां गंगा की निर्मलता और हरिद्वार की स्वच्छता बनी रहे।

अभियान में नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर सोनिया सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, आदर्श युवा समिति, आस्था सेवा संस्थान, गंगा सभा के सदस्य, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!