हरिद्वार, 23 जून
आगामी स्नान पर्वों और कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच नगर निगम हरिद्वार ने रोडीबेलवाला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 100 से अधिक अस्थायी दुकानों को हटाया। अभियान के दौरान कई ठेलियों को जब्त किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बताया गया। नगर निगम की टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए कहा कि शहर की व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार, मोहित कुमार सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!