“पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है, कांग्रेस गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर युवाओं को जागरूक करेगी”

हरिद्वार, 23 जून
प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में कांग्रेस अब जनपदभर में बड़ा जनजागरण अभियान चलाएगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा।

बालेश्वर सिंह ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से वर्षों तक मेहनत करने वाले लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है। परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित होने से युवाओं में गहरी निराशा पैदा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक पर प्रभावी अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और नकल विरोधी कानून भी इस समस्या को रोकने में कारगर नहीं दिख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द होने की घटना ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश के भविष्य की नींव है, लेकिन आज शिक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का कब्जा होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण ने प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को खतरे में डाल दिया है।

वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में छात्रों की घटती संख्या चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है।

प्रेस वार्ता में सुनीता सिंह, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, अशोक धींगान और यशवंत सैनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!