📍 हिंदू बहुल क्षेत्र की छवि से छेड़छाड़ का आरोप…
📍 बजरंग दल ने सिटी मजिस्ट्रेट व पुलिस को सौंपा ज्ञापन…
📍 मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी…
हरिद्वार, 20 जून
ज्वालापुर क्षेत्र (मोहल्ला तेलियान ) में चल रही एक फिल्म की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बजरंग दल ने आरोप लगाया है कि शूटिंग के दौरान हिंदू बहुल क्षेत्र को मुस्लिम बहुल क्षेत्र के रूप में दर्शाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं और हरिद्वार की सांस्कृतिक पहचान प्रभावित हो रही है।
बजरंग दल पदाधिकारियों का कहना है कि हाल ही में हरिद्वार में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अवैध और असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी। ऐसे में इस तरह की शूटिंग सरकार और प्रशासन की छवि को भी प्रभावित कर सकती है।
मामले को गंभीर बताते हुए बजरंग दल ने स्थानीय पुलिस और सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायत सौंपकर विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने मांग की है कि शूटिंग के दौरान लगाए गए आपत्तिजनक कंटेंट और सेटअप को तत्काल हटाया जाए।
बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन करेगा। संगठन ने आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई करने की भी बात कही है।