हरिद्वार में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन, लाभार्थियों व बैंकर्स को किया सम्मानित

हरिद्वार, 20 जून
स्वनिधि महोत्सव में लाभार्थी और बैंकर्स सम्मानित, जनकल्याणकारी शिविर में मिली योजनाओं की जानकारी
नगर निगम परिसर में शुक्रवार को भारत सरकार एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वनिधि महोत्सव एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर किरण जैसल और नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने किया।

महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। समय पर ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बैंक अधिकारियों और बैंकर्स को भी सम्मानित किया गया।

शिविर में जिला उद्योग केंद्र, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, रेशम विभाग, कृषि विभाग एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वहीं नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने कहा कि नगर निगम पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है और ऐसे शिविरों से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी व लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त श्याम सुन्दर प्रसाद, सिटी मिशन मैनेजर अंकित रमोला, वरिष्ठ सहायक शिव सिंह चौहान, लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!