एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी, कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा…
हरिद्वार, 20 जून
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण की रणनीति तय करने तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में मई माह के अपराधों, उनके खुलासों, लंबित विवेचनाओं, चारधाम यात्रा, सड़क सुरक्षा, निर्माणाधीन पुलिस भवनों और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।



बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाली और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और अपराध नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

🔹बच्चा चोरी के मामलों में उत्कृष्ट कार्य पर पुलिस टीम सम्मानित
एसएसपी ने कनखल, पिरान कलियर और सिटी हरिद्वार क्षेत्र में सामने आए बच्चा चोरी के तीन संवेदनशील मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते बच्चों की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी, जो पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।
🔹युवाओं में बढ़ती गैंग संस्कृति पर सख्ती के निर्देश
बैठक में एसएसपी ने कम उम्र के युवाओं में बढ़ती गैंग संस्कृति पर चिंता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारियों को 20 से 22 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं की पहचान करने के निर्देश दिए जो गैंग बनाकर अराजक गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को कानून के दायरे में लाने के साथ-साथ उन्हें सही दिशा देना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।
🔹अपराध होने से पहले रोकथाम पर रहेगा फोकस
एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना भी होना चाहिए। इसके लिए नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
🔹सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर होगी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने वाले युवाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि ऐसे कृत्य समाज में गलत संदेश देते हैं और युवाओं को प्रभावित करते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
🔹कानून हाथ में लेने वालों को सख्त चेतावनी
एसएसपी नवनीत सिंह ने साफ कहा कि जनपद में किसी को भी कानून से ऊपर समझने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दबंगई, मारपीट, अवैध वसूली, धमकी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
🔹कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विशेष समीक्षा
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर व्यापक चर्चा हुई। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव भी शीघ्र भेजने को कहा गया।
उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, संचार उपकरण और अन्य सुरक्षा संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
🔹सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की सफलता पर सराहना
हाल ही में संपन्न सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के सफल संचालन पर एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी हरिद्वार पुलिस के कार्यों की सराहना की गई है।
🔹डायल-112 और ऑनलाइन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनसुनवाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसएसपी ने डायल-112 और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी शिकायतों का समय पर समाधान बड़े विवादों को रोक सकता है।
🔹महिला सुरक्षा और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला अपराधों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पीड़िताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को समझने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल खुलने के मद्देनजर छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालयों के आसपास पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने को कहा गया।
🔹बैंक, बाजार और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की होगी निगरानी
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को बैंक, सर्राफा बाजार और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों का नियमित औचक निरीक्षण करने तथा सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
🔹बित विवेचनाओं और वांछित अपराधियों पर विशेष अभियान
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों के शीघ्र निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया।
🔹अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश
बैठक के अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों और कानून हाथ में लेने वालों के लिए हरिद्वार में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा, चारधाम यात्रा और अन्य बड़े आयोजनों को देखते हुए हरिद्वार पुलिस को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। कानून का राज कायम रखना ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।