हरिद्वार/बुग्गावाला, 19 जून
देर रात बुग्गावाला थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जोनल चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बंजारावाला क्षेत्र में संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान, निवासी गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 9 जून को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पूछताछ में फरार बदमाश का नाम गुलजार, निवासी खेड़ीशिकोहपुर, थाना भगवानपुर बताया गया है। घायल लुकमान को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस का दावा है कि घायल बदमाश का संबंध अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग प्रकरण से भी जुड़ा हुआ है।
फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!