भीमताल, 18 जून 2026।
जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुर्गा सप्लाई की आड़ में चरस की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहाड़ी क्षेत्रों से चरस की खेप लाकर तराई क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। खुफिया सूचना के आधार पर खुटानी बैंड के पास चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां एक अल्टो कार और बोलेरो पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर हुसैन निवासी भीमताल और विजय सिंह बिष्ट निवासी मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया है। फरार आरोपी बच्चीराम की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
नैनीताल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे, “नशा विरोधी अभियान” के तहत पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।