
हरिद्वार, 9 जून।
थाना सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने पेंटागन मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर भी छापेमारी की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार राठौर प्लाजा होटल के सामने कुछ महिलाओं द्वारा राहगीरों और स्थानीय लोगों के सामने अश्लील हरकतें किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अजय शाह के निर्देशन में टीम गठित की गई। महिला उपनिरीक्षक मनीषा नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान कुछ महिलाएं आपत्तिजनक गतिविधियां करती हुई पाई गईं, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से सभी पांच महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा संख्या 228/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक शालीनता और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए पेंटागन मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर भी छापेमारी की गई। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।