हरिद्वार, 9 जून।
बहादराबाद स्थित हाईवे किनारे शनि देव मंदिर के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दर्जनों नकाबपोश महिला और पुरुष अचानक एक बेशकीमती भूखंड पर पहुंचकर मालिकाना हक जताने लगे। देखते ही देखते मामला गर्मा गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद बढ़ने पर मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। सूचना मिलते ही एसडीएम योगेश मेहर, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों को भूखंड से हटाकर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने बड़े समूह में नकाबपोश लोग कौन थे ? और अचानक जमीन पर दावा करने क्यों पहुंचे ?
संगठित तरीके से पहुंचे लोगों की मौजूदगी ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं, जबकि क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।