हरिद्वार, 9 जून।
जनपद के सराय ग्राम में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक मकान के पानी के टैंक में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। टैंक के अंदर एक-दो नहीं बल्कि पूरे 27 सांप के बच्चे पाए गए, जिन्हें वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार घर के सदस्यों ने जब पानी के टैंक में झांककर देखा तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे रेंगते नजर आए। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सांपों को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्नेक कैचर तालिब और भोला ने काफी मशक्कत के बाद विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 27 सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान लोगों की सांसें थमी रहीं।
रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पानी के टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद किए गए हैं। सभी को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें और स्वयं पकड़ने की कोशिश न करें।
रेस्क्यू के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही। वहीं, टैंक से निकाले गए सांपों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक साथ 27 सांपों के बच्चों को देखकर लोग हैरानी जताते हुए इसे क्षेत्र की बेहद अनोखी घटना बता रहे हैं।