हरिद्वार, 05 जून।
मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सफलता खुद रास्ता तलाश लेती है। इसका जीवंत उदाहरण बने हैं ज्वालापुर कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक रणवीर चंद रमोला के पुत्र मनीष रमोला, जिन्होंने UKPCS-2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन डिप्टी एसपी पद के लिए हुआ है।
मनीष की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुलिस महकमे को गौरवान्वित किया है। बेटे की उपलब्धि से खाकी परिवार में खुशी की लहर है और यह सफलता पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
इस अवसर पर कल शाम बृहस्पतिवार दिनांक 04 जून को एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने कैंप कार्यालय रोशनाबाद में मनीष और उनके पिता रणवीर चंद रमोला को सम्मानित किया। उन्होंने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि मनीष रमोला की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए प्रेरणादायक है।
खाकी की छांव में पला एक सपना अब हकीकत बन चुका है, और मनीष रमोला की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल बन गई है।