हरिद्वार, 02 जून 2026।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत 35-हरिद्वार ग्रामीण एवं 27-ज्वालापुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का कुशलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्रों, समयबद्ध कार्यवाही और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार श्याम सुंदर प्रसाद, नायब तहसीलदार हरिद्वार मदन लाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविन्द कुर्ल, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी सहित सभी BLO, सुपरवाइजर और BLA उपस्थित रहे।