हरिद्वार, 24 मई।
शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं संगठित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार कोचिंग एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शील इंस्टिट्यूट, रानीपुर शाखा में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालकों ने भाग लेकर शिक्षा, सुरक्षा और संस्थागत समन्वय से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को एसोसिएशन से जुड़कर एक मजबूत शैक्षिक नेटवर्क का निर्माण करना चाहिए, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सभी संचालकों से एकजुट होकर शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने का आह्वान किया।

एसोसिएशन के सचिव राकेश ने संस्थानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह बेहद आवश्यक कदम है।

बैठक में कोचिंग संस्थानों की गुणवत्ता, अनुशासन, छात्र हितों और सुरक्षा संबंधी विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर समन्वय और सहयोग के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जसपाल राणा, विपुल, अनिल, अनुराग, रोहित कपूर, हरकेश मोहन, मानु, प्रिंस, प्रेम कुमार, उपेंद्र चौधरी, रोहित गेरा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक का समापन सहयोग, एकता और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!