हरिद्वार, 21 मई 2026
हरिद्वार में मां गंगा की पवित्रता को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक बिरयानी से भरा ड्रम गंगा नदी में डालते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और संत समाज में भारी नाराजगी फैल गई है।
लोगों का कहना है कि मां गंगा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र हैं और इस तरह की हरकत धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। सोशल मीडिया पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार तेज हो रही है।
इस पूरे मामले पर हिंदूवादी नेत्री साध्वी प्राची ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हिंदुओं के पवित्र स्थलों को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं संगम में बैठकर मांसाहार की तैयारी की जाती है तो कहीं मां गंगा में बिरयानी डालकर गंगा को अपवित्र करने का प्रयास किया जा रहा है।
साध्वी प्राची ने ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए विशेष फोर्स गठित करने की मांग की और पुष्कर सिंह धामी सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की अपील की।
वहीं प्रशासन से वायरल वीडियो की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और पूरे मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।