हरिद्वार।
राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट ने राजा भगीरथ के सम्मान में हरिद्वार में उनके नाम पर भव्य घाट और विशाल प्रतिमा स्थापित करने तथा भगीरथ बिंदु को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट संगठन की ओर से गुरूवार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान 111 मीटर लंबा मांग पत्र जारी किया गया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सैनी ने कहा कि महाराजा भगीरथ ने कठोर तपस्या कर मां गंगा को धरती पर लाने का महान कार्य किया था, लेकिन उन्हें आज तक वह सम्मान नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में उनके नाम पर भव्य घाट और प्रतिमा स्थापित कर देश को उनके योगदान की याद दिलाई जानी चाहिए।

राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप सैनी ने बताया कि संगठन द्वारा जारी मांग पत्र पर 10 हजार से अधिक सनातनियों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके बाद यह मांग पत्र प्रधानमंत्री Narendra Modi और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीएचईएल सैनी समाज, मां भगवती जन सेना समिति, शिव कल्याण जन सेवा समिति सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने इस अभियान को समर्थन देते हुए मांग पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय संरक्षक राजेन्द्र मौर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आचार्य प्राणनाथ, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा तथा कार्यालय प्रमुख प्रीति देवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!