9 मई 2026।
हरिद्वार के सेक्टर-4 बीएचएल स्थित कम्युनिटी सेंटर में दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ आज 9 मई से शुरू हुआ है। “स्वाद ए महोत्सव” ने पहले ही दिन लोगों का दिल जीत लिया। फूड, आर्ट, शॉपिंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस दो दिवसीय महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं और छोटे उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान किया गया। हरिद्वार में पहली बार आयोजित इस तरह के आयोजन में स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ आर्ट स्टॉल, शॉपिंग स्टॉल और होममेड उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
महोत्सव की खास बात सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रक्तदान शिविर रहा, जिसे श्री स्वामी भूमानंद सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के भूमानंद जीवन रक्षक ब्लड सेंटर द्वारा आयोजित किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल मानवता की सेवा है। कार्यक्रम शुरू होने के शुरुआती घंटों में ही छह से सात यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसमें दुर्लभ ओ-नेगेटिव ब्लड ग्रुप भी शामिल रहा। टीम ने उम्मीद जताई कि दो दिवसीय शिविर में सौ से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध किया। ऑल इन वन अकैडमी के विद्यार्थियों ने मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, वहीं दिल्ली से आए सिंगिंग ग्रुप, देहरादून के बैंड और सर्किल जीरो संरचना फाउंडेशन की टीम ने भी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। आयोजकों के अनुसार दो दिनों में 70 से अधिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
आयोजन की मुख्य कोर टीम में क्रिएटिव डायरेक्टर आकाश रितुराज भारतीया , चीफ ऑपरेशनल हेड ध्रुव शर्मा, फाइनेंसर अतुल पांडे और मार्केटिंग हेड सिद्धार्थ दूबे शामिल रहे। आयोजन के सफल संचालन में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों का कहना है कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं, छोटे व्यापारियों और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की एक नई पहल है, जो भविष्य में हरिद्वार में बड़े आयोजनों की नई दिशा तय करेगा।