मंगलौर, हरिद्वार | 05 मई 2026
हरिद्वार पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने करीब ढाई वर्ष से फरार चल रहे ₹5,000 के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शराफत पुत्र वशीर निवासी ग्राम टांडा भन्हेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार, वर्ष 2023 में दर्ज गौकशी के मामले में वांछित था। दिनांक 13 सितंबर 2023 को उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण स्क्वाड की कार्रवाई के आधार पर उसके खिलाफ धारा 3/5/11 उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले में मौके से दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जिनके पास से गोवंश से संबंधित उपकरण और गोमांस बरामद हुआ था। जबकि मुख्य आरोपी शराफत घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।
05 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर सीआईयू हरिद्वार और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक (सीआईयू) नरेन्द्र सिंह बिष्ट, उ0नि0 अशोक सिरसवाल, हे0का0 शूरवीर, का0 मनीष शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि “अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, अपराधी को कानून के शिकंजे में आना ही पड़ता है।”