हरिद्वार, 1 मई ।
जनपद के बुग्गावाला थाना क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में आज शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत व भय का माहौल व्याप्त है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मगरमच्छ बच्चे को अपने जबड़ों में दबाकर पानी में खींच ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने बच्चे का शव बरामद कर लिया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

मासूम बच्चे की मौत का खौफनाक मंजर को देखकर वहां हड़कंप मच गया, घटना की सुचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू आरम्भ कर दिया। काफी देर की कड़ी मेहनत व मशक्कत के बाद खूंखार मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर पकड़ लिया, तब जाकर ग्रामीणों ने थोड़ी राहत की साँस ली।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा बच्चों को अकेले पानी के पास न जाने दें।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वन विभाग की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।