हरिद्वार, 1 मई ।
आज धर्मनगरी हरिद्वार के प्रेस क्लब सभागार में शुक्रवार को “देश जनहित” राष्ट्रीय हिंदी पत्रिका का भव्य विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक दीपक राजपूत ने पत्रकारों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए जनहित टीम से जुड़े प्रत्येक पत्रकार के लिए पांच-पांच लाख रुपये का बीमा कराने की बात कही, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, एसडीएम जितेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी रति लाल शाह और प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने पत्रिका का विमोचन कर इसे जनमानस को समर्पित किया।

अपने संबोधन में डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच भ्रामक खबरों का प्रसार चिंता का विषय है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे खबरों की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करें और “देश जनहित” को सकारात्मक पहल बताया।

एआरटीओ निखिल शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता और गरिमा बनी हुई है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने सड़क सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाने और पत्रिका में इससे जुड़े लेख प्रकाशित करने का सुझाव दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रौतेला ने कहा कि आपदा के समय सही और त्वरित सूचना देना मीडिया की बड़ी जिम्मेदारी है। शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए इसकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने हरिद्वार की गौरवशाली पत्रकारिता पर प्रकाश डालते हुए पत्रिका की सफलता की कामना की। एसडीएम जितेंद्र कुमार ने मीडिया और प्रशासन के समन्वय को आवश्यक बताया, जबकि एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने जिम्मेदार और तथ्यात्मक पत्रकारिता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में संपादक दीपक राजपूत ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “देश जनहित” पत्रिका का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आवाज बनना है और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!