
हरिद्वार , 28 अप्रैल।
मेला चिकित्सालय हरिद्वार में खुद को NDTV का पत्रकार ( निवासी – शिवलोक टिबरी) बताने वाले एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले ने तूल पकड़ने के बाद चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने MH7न्यूज़चैनल से वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की।
मेला चिकित्सालय हरिद्वार के सीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि संबंधित युवक 27 अप्रैल सुबह के समय उनसे मिला था और उसने स्वयं को NDTV का पत्रकार बताया। युवक सामान्य बातचीत के बाद वहां से चला गया।
बाद में जानकारी मिली कि उक्त युवक ओपीडी पर्ची बनवाने के दौरान लाइन में न लग कर आगे पहुंच गया था। वह बिना लाइन में खड़े हुए पर्चा बनवाने का प्रयास कर रहा था, जिससे पहले से लाइन में खड़े एक युवक के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। स्थिति को गंभीर होता देख मेला चिकित्सालय के कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के बीच बचाव कराया और मामला शांत कराया।
सीएमएस डॉ. गुप्ता ने बताया कि उन्होंने MH7 News चैनल के माध्यम से धर्मेंद्र चौधरी,अध्यक्ष हरिद्वार प्रेस क्लब को भी संदेश भेजा है कि प्रेस क्लब में जितने भी वैध एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि अस्पताल प्रशासन को उचित और अनुचित पत्रकारों की पहचान करने में सुविधा हो सके।
उन्होंने कहा कि कई बार फर्जी पत्रकार बनकर लोग संस्थानों में पहुंचते हैं, जिससे अनावश्यक विवाद और प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट पहचान और सत्यापन आवश्यक है।