लक्सर, 27 अप्रैल।
हरिद्वार जिले के क्षेत्र लक्सर में सोमवार को दिनदहाड़े सरकारी डॉक्टर पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चलती कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हमले में डॉक्टर और उनका परिवार सुरक्षित बच गया।

पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां निवासी सुमित कुमार, जो वर्तमान में कोटद्वार अस्पताल में सरकारी डॉक्टर के पद पर तैनात हैं, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ कार से भिक्कमपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।

उनके अनुसार बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार गांव के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो युवक कार के नजदीक आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से डॉक्टर और उनका परिवार घबरा गया, जबकि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!