कोतवाली श्यामपुर, 23 अप्रैल 2026 ।
हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में 6 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ अशोभनीय हरकत और छेड़खानी के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी निवासी एक व्यक्ति ने थाना श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि शिव कुमार बाबा नामक व्यक्ति ने उसकी 6 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ अशोभनीय हरकत की। शिकायत मिलते ही थाना श्यामपुर में मु0अ0सं0 50/26 के तहत पोक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर थानाध्यक्ष श्यामपुर ने तत्काल पुलिस टीम गठित की। महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश पहले से जारी थे।
गठित पुलिस टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र की सहायता से 23 अप्रैल 2026 को नामजद आरोपी शिव कुमार बाबा पुत्र बलबीर निवासी कांगड़ी को तिरछा पुल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस कार्यवाही में कोतवाली श्यामपुर पुलिस टीम के उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, उपनिरीक्षक रचना पठानिया, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे।