नैनीताल | 21अप्रैल 2026

कालाढूंगी रामनगर रोड पर नयागांव वन विभाग चेक पोस्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। सड़क किनारे बेल का जूस बेचने वाले 18 वर्षीय युवक अभिषेक सिंह को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे कालाढूंगी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार No. (UK 04AQ 8017) ने ओवरटेक करने के दौरान नियंत्रण खो दिया और सीधे ठेले में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेले के परखच्चे उड़ गए और कार पेड़ से जा टकराई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को राहगीरों की मदद से तत्काल सीएचसी कालाढूंगी ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। मृतक अभिषेक सिंह उधम सिंह नगर जिले के बरहैनी (जबरान) का निवासी था और नयागांव में बेल के जूस का ठेला लगाकर अपना गुजारा करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!