हरिद्वार, 19 अप्रैल 2026
धार्मिक नगरी हरिद्वार के प्रमुख शंकराचार्य चौक का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने जा रहा है। चौराहे के मध्य स्थापित आदि शंकराचार्य की प्रतिमा को अब गंगा तट पर भव्य एवं दिव्य स्वरूप में स्थापित किया जाएगा। इस कार्य के लिए रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।


शंकराचार्य चौक शहर का एक महत्वपूर्ण यातायात केंद्र है, जहां से छह प्रमुख मार्ग विभिन्न दिशाओं में जाते हैं। चौराहे के बीच स्थित प्रतिमा और ऊपर बने दिल्ली-देहरादून फ्लाईओवर के कारण यहां यातायात प्रभावित हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत प्रतिमा को स्थानांतरित करने और चौक के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती जी महाराज, महानिर्वाणी अखाड़ा के सचिव रवींद्र पुरी जी महाराज सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, उद्यान अधिकारी आशाराम जोशी, सहायक अभियंता वर्षा और पार्षद अनुज कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना संत समाज के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के मार्गदर्शन में चौक को आधुनिक एवं आकर्षक रूप दिया जाएगा।
परियोजना पूर्ण होने के बाद शंकराचार्य चौक न केवल अधिक व्यवस्थित और सुंदर दिखाई देगा, बल्कि यातायात भी सुचारु होगा, जिससे आमजन और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
