प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तराखंड की जनता को एक ऐतिहासिक सौगात देते हुए दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक कॉरिडोर के शुरू होने से अब Delhi से Dehradun तक का सफर लगभग ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जो पहले करीब छह घंटे का हुआ करता था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में 210 किमी लंबे दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रगति, प्रकृति और संस्कृति का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री ने रिमोट बटन दबाकर इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन किया, जो उत्तराखंड सहित पूरे उत्तर भारत के लिए कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास के नए द्वार खोलेगी।

प्रधानमंत्री ने 12 किलोमीटर लंबे रोड शो में भी भाग लिया और डाटकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर देवभूमि का आशीर्वाद लिया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने देशवासियों को बैसाखी और बिहू की शुभकामनाएं देते हुए की तथा आगामी चारधाम यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के बनने से चारधाम यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपने स्थापना के 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और यह परियोजना राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अपने पूर्व कथन को दोहराते हुए कहा कि “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा” और आज राज्य उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों और जनता के परिश्रम को इस प्रगति का आधार बताया।

लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे उत्तराखंड – उत्तर प्रदेश और दिल्ली को जोड़ते हुए क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा। उद्घाटन के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया।

एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर
प्रधानमंत्री ने सहारनपुर में एशिया के सबसे लंबे 12 किलोमीटर एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया। इस आधुनिक संरचना से वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और पर्यावरण संतुलन बना रहेगा। सहारनपुर में उन्होंने रोड शो भी किया।

पीएम मोदी के संबोधन की मुख्य बातें
महिला आरक्षण पर ऐतिहासिक कदम
पीएम ने कहा कि चार दशकों के इंतजार के बाद नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ है और 2029 के चुनावों तक महिलाओं को उनका अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा।

देश की ताकत बन रही बेटियां
उन्होंने कहा कि देश की बेटियां भारत निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और सरकार उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पर्यटन से बढ़ेगी अर्थव्यवस्था

उत्तराखंड को विंटर टूरिज्म और स्पोर्ट्स हब बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे होटल, टैक्सी, दुकानदार और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

एक्सप्रेसवे बनेंगे विकास के द्वार
नए कॉरिडोर समय और लागत दोनों को कम करेंगे, जिससे किसानों और उद्योगों को लाभ मिलेगा।
स्वच्छ देवभूमि का संदेश
उन्होंने प्लास्टिक और कचरे से बचने की अपील करते हुए कुंभ और नंदा देवी राजजात जैसे आयोजनों के मद्देनज़र स्वच्छता पर जोर दिया।
आने वाली पीढ़ियों के लिए निवेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और एयरवे देश की भाग्य रेखाएं हैं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश भविष्य की समृद्धि का आधार है।

एक्सप्रेसवे की प्रमुख विशेषताएं :- लंबाई 213 किमी, लागत ₹12,000 करोड़, लेन 6, यात्रा समय 6 घंटे से घटकर लगभग 2.5 घंटे , विशेष आकर्षण 12 किमी लंबा एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर, लाभ पर्यटन, व्यापार और रोजगार में वृद्धि ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!