रिद्वार, मंगलवार दिनांक 14 अप्रैल 2026:
कुंभ मेला 2027 को लेकर हरिद्वार में तैयारियां अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी हैं। अगले वर्ष 14 अप्रैल 2027 को मेष संक्रांति के पावन अवसर पर होने वाले प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) को ध्यान में रखते हुए मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को काउंटडाउन मोड में डाल दिया है। सभी कार्यों के लिए स्पष्ट लक्ष्य और समयसीमा तय कर दी गई है, साथ ही उनकी लगातार निगरानी और समीक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है।

बैसाखी के अवसर पर मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने हर की पैड़ी में गंगा स्नान कर कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रार्थना भी की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हर की पैड़ी, हिल बाइपास, मनसा देवी पैदल मार्ग, मोतीचूर, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, सिंहद्वार, कांवड़ पटरी मार्ग, शंकराचार्य चौक, कनखल क्षेत्र, आस्था पथ और रोड़ी बेलवाला जैसे प्रमुख स्थानों का दौरा किया। इस दौरान घाटों, पुलों, सड़कों, पार्किंग, मैदानों और पैदल मार्गों की स्थिति का गहन जायजा लिया गया, साथ ही भीड़ प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

मेला अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्गों को जल्द दुरुस्त किया जाए, हिल बाइपास की मरम्मत में तेजी लाई जाए और मनसा देवी पैदल मार्ग की सुरक्षा एवं निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं तय समय में पूरी की जाएं। इसके लिए माइक्रो प्लानिंग के तहत हर कार्य की निगरानी और नियमित समीक्षा की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि सभी विभाग और कार्यदायी संस्थाएं तय समयसीमा का सख्ती से पालन करें।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त नंदन कुमार, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!